COVID-19
COVID-19

COVID-19 Cases in India: COVID-19 एक बार फिर से चिंता का कारण बन रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या 1,000 का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस नए उछाल में सबसे ज्यादा केस केरल से सामने आए हैं, जहां 430 से अधिक सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में 150 से ज्यादा और दिल्ली में करीब 100 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके अलावा कर्नाटक, गुजरात और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी मामूली बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि ज्यादातर मरीजों में लक्षण हल्के हैं, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है।

सक्रिय मामलों में वृद्धि: केरल सबसे अधिक प्रभावित

केरल में 335 नए मामले COVID-19 सामने आए हैं, जिससे राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 430 हो गई है। महाराष्ट्र में 153 और दिल्ली में 99 नए मामले दर्ज किए गए हैं। अन्य राज्यों जैसे गुजरात (83), कर्नाटक (47), उत्तर प्रदेश (15) और पश्चिम बंगाल (12) में भी मामूली वृद्धि देखी गई है।

नए वेरिएंट्स की पहचान और लक्षण

स्वास्थ्य अधिकारियों ने हाल ही में COVID-19 के दो नए उप-संस्करणों — NB.1.8.1 और LF.7 — की पहचान की है। ये वेरिएंट्स फिलहाल चिंता का कारण नहीं बने हैं, क्योंकि इनमें देखे गए अधिकांश मामलों में केवल हल्के लक्षण पाए गए हैं, जैसे सामान्य जुकाम, गले में खराश और हल्का बुखार। विशेषज्ञों का कहना है कि इन उप-संस्करणों के चलते अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता बहुत कम रही है। हालांकि स्थिति गंभीर नहीं है, लेकिन डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मास्क का प्रयोग, नियमित हाथ धोना और भीड़ से दूरी बनाना जरूरी बताया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी और सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय ने हालिया COVID-19 मामलों में वृद्धि को देखते हुए सभी राज्यों को सतर्क रहने और सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि वे मास्क पहनना फिर से शुरू करें, हाथों की नियमित सफाई करें और भीड़-भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए जरूरी है जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं या बुजुर्ग हैं, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। सरकार की प्राथमिकता है कि संक्रमण को फैलने से पहले ही रोका जाए और आमजन को सुरक्षित रखा जाए।

भारत में COVID-19 मामलों में हालिया वृद्धि चिंता का विषय है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। सतर्क रहकर और स्वास्थ्य निर्देशों का पालन करके हम इस स्थिति से निपट सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Corona फिर से दस्तक दे रहा है: चीन की पारदर्शिता पर सवाल, भारत में बढ़ते मामले!